रेनबो चिल्ड्रन’स एकेडमी का 38वाँ वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास से संपन्न

विकासनगर। (उत्तराखंड बोल रहा है) रेनबो चिल्ड्रन’स एकेडमी का 38वाँ वार्षिकोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा एवं सांस्कृतिक वैभव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से किया गया। प्ले ग्रुप से लेकर कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। नन्हे बच्चों द्वारा “बम-बम बोले” गीत पर प्रस्तुत नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया।


इसके साथ ही गढ़वाली, कुमाऊँनी, हिमाचली, हरियाणवी एवं जौनसारी लोकगीतों पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान प्रदान की। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “रानी अबक्का” पर आधारित नाटिका रही, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत योग प्रदर्शन एवं रामायण पर आधारित नृत्य-नाटिका ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
विशेष प्रस्तुति के रूप में जौनसार-बावर के आराध्य देव चालदा महासू महाराज की यात्रा पर आधारित नृत्य-नाटिका ने श्रद्धा और सांस्कृतिक चेतना का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मुख्य अतिथि को अनाज के दानों से निर्मित एक कलात्मक चित्र भेंट किया। यह चित्र विद्यालय के कला संकाय के विद्यार्थियों द्वारा परिश्रम एवं रचनात्मकता से तैयार किया गया था, जिसकी सभी ने प्रशंसा की।


विद्यालय निदेशक निशांत पवार ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद संबंधी उपलब्धियों की जानकारी अभिभावकों से साझा की।
अपने संबोधन में विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि रेनबो चिल्ड्रन’स एकेडमी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर सार्थक प्रयास कर रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में विद्यालय अध्यक्ष सुमन पवार, प्रधानाचार्य आरती पवार, निदेशक निशांत पवार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से गढ़ बैराड़ पत्रिका के संपादक भरत चौहान, समर फील्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल के एडमिनिस्ट्रेटर अजय वर्मा, प्रधानाचार्य सोनाली वर्मा, संस्कार भारती अध्यक्ष आचार्य आशीष शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर कार्यवाहक दिनेश, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेंद्र चौहान, बीडीसी मेंबर जयपाल सिंह तोमर, ग्राम प्रधान बाढ़वाला विशन दत्त शर्मा, ग्राम प्रधान डुमेट पूरन शर्मा, ग्राम प्रधान आशारोड़ी आशीष बिष्ट सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।