सेवानिवृत शिक्षकों और कर्मचारियों को सम्मानित किया

देहरादून जनपद के नव नियुक्त मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौँडियाल श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज सहसपुर में पधारे। विद्यालय से पूर्व में सेवानिवृत्त हुए सभी शिक्षकों, कर्मचारियों को प्रधानाचार्य डॉ. रवीन्द्र कुमार सैनी के द्वारा सम्मानित करवाया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. सैनी के द्वारा मुख्य शिक्षा अधिकारी के नाम के प्रत्येक अक्षर से अंग्रेजी में लिखी कविता मुख्य शिक्षा अधिकारी को सम्मान स्वरूप भेंट की गई।

इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के द्वारा ही व्यक्ति राष्ट्र को महान बना सकता है। अपने समाज को श्रेष्ठ बन सकता है तथा अपने व्यक्तिगत विकास के सपने को भी साकार कर सकता है। छात्र-छात्राओं को आदर्श नागरिक के संस्कार ग्रहण करते हुए समाज तथा राष्ट्र के हित में कार्य करने का संकल्प लेकर अपने जीवन पथ पर अग्रसर रहना चाहिए।

इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाचार्य डॉ. सैनी के प्रधानाचार्य के रूप में कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने समाज के सहयोग से विद्यालय में भौतिक संसाधन जुटाए हैं तथा उनके मार्गदर्शन में विद्यालय ने काफी प्रगति की है। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने कहा कि सेवानिवृत शिक्षकों तथा कर्मचारियों को विद्यालय में निमंत्रित कर उनका सम्मान किया जाना एक अनुकरणीय उदाहरण है। विद्यालय के सह प्रबंधक चंद्र मोहन सिंह पायल ने मुख्य शिक्षा अधिकारी का तथा सेवानिवृत्ति शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. सैनी के प्रधानाचार्य के रूप में नेतृत्व की सराहना की। महावीर सिंह चौधरी, श्रीमती सुनीता चौधरी, अर्जुन लाल कोहली, चन्द्र मोहन देवराणी,पदमावती, रामचरण बौठियाल, मौ.यामीन खान,सहेंद्र पाल, कुँवर सिंह बिष्ट, दिनेश वार्ष्णेय, दयाराम, जयपाल सिंह, महेंद्र सिंह, गीता देवी सेवानिवृत्त शिक्षकों/कर्मचारियों को मुख्य शिक्षा अधिकारी के द्वारा शाल उढाकर एवं पुष्प गुच्छ भेँटकर सम्मानित किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज होरावाला के प्रधानाचार्य यशवंत सिंह नेगी भी उपस्थित रहे।