पहली बैठक में सख्त तेवर में दिखे एसएसपी

पहली बैठक में सख्त तेवर में दिखे एसएसपी

(उत्तराखंड बोल रहा है)
जनपद देहरादून का कार्यभार ग्रहण करने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने अपनी पहली ही बैठक में सख्त रुख अपनाते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर स्पष्ट संदेश दे दिया। एसएसपी ने जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों तथा थाना/शाखा प्रभारियों के साथ विस्तृत गोष्ठी कर दिशा-निर्देश जारी किए।
प्रभावी चेकिंग और बढ़ेगी पुलिस विजिबिलिटी
बैठक के दौरान एसएसपी ने निर्देश दिए कि पूरे जनपद में दिन-रात प्रभावी चेकिंग अभियान सुनिश्चित किया जाए। भीड़-भाड़ वाले स्थानों और मुख्य मार्गों पर पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी शत-प्रतिशत प्रयास के साथ पूर्ण कार्यक्षमता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
सत्यापन अभियान में कोताही बर्दाश्त नहीं


नगर और देहात क्षेत्रों में संयुक्त पुलिस टीमें गठित कर बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन हेतु व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सभी क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने सर्किल में नियमित रूप से सत्यापन अभियान संचालित करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई।
आमजन से संयमित व्यवहार की सख्त हिदायत
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस का व्यवहार आमजन के प्रति मर्यादित और संवेदनशील होना चाहिए। जनता से दुर्व्यवहार या कर्तव्यों के प्रति उदासीनता बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। किसी भी शिकायत को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था सुधार पर जोर
जनपद की यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने थाना पुलिस और यातायात पुलिस को आपसी समन्वय के साथ संयुक्त रूप से ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था में प्रभावी सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
नई जिम्मेदारी संभालते ही एसएसपी के सख्त तेवरों से स्पष्ट है कि जनपद में कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय मोड में है।