द ऐनफील्ड स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वाँ गणतंत्र दिवस

द ऐनफील्ड स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वाँ गणतंत्र दिवस

देशभक्ति कार्यक्रमों से गूंजा विद्यालय परिसर
विकासनगर, ( उत्तराखंड बोल रहा है)26 जनवरी।
द ऐनफील्ड स्कूल, विकासनगर में 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री संजय गुप्ता जी तथा विशिष्ट अतिथि श्री हेमचंद सकलानी .प्रधान संपादक, भूपेंद्र नेगी आकाश, भरत कालरा , उमाकांत अग्रवाल एवं श्री प्रवीन गर्ग जी उपस्थित रहे। मंचासीन सभी अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रधानाचार्य ओ. पी. चुग के कुशल मार्गदर्शन में किया गया।


समारोह का शुभारंभ तिरंगे के ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात भारत माता की जय के उद्घोष के साथ दीप प्रज्ज्वलन किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने कार्यक्रम को भावपूर्ण शुरुआत प्रदान की।


इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम, संविधान और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों का मन मोह लिया और तालियों की गूंज से परिसर गूंज उठा।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि श्री हेमचंद सकलानी जी एवं मुख्य अतिथि श्री संजय गुप्ता ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के मूल्यों, अधिकारों एवं कर्तव्यों का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी ही देश का भविष्य है और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य श्री ओ. पी. चुग ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को देश के प्रति निष्ठावान, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए सफल आयोजन के लिए सभी को बधाई दी।
समारोह का समापन मिष्ठान वितरण के साथ हर्षोल्लासपूर्वक किया गया।