सीवरेज लाइन कार्यों की अव्यवस्थाएं तुरंत दुरुस्त करे कार्यदायी संस्था, वरना मोर्चा करेगा “इलाज” : रघुनाथ सिंह नेगी
विकासनगर।(उत्तराखंड बोल रहा है)
जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने विकासनगर पालिका क्षेत्र में यूलिप परियोजना के अंतर्गत चल रहे सीवरेज व पेयजल लाइन कार्यों में भारी अव्यवस्थाओं का आरोप लगाते हुए कार्यदायी संस्था को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही हालात नहीं सुधरे तो मोर्चा जनहित में ऐसा “इलाज” करेगा, जिसकी जिम्मेदारों ने कल्पना भी नहीं की होगी।
नेगी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि यूयूएसडीए (उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी) द्वारा ठेकेदारों के माध्यम से लगभग 400 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सीवरेज/पेयजल लाइन बिछाने का कार्य कराया जा रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर यह कार्य अव्यवस्थाओं का पर्याय बन चुका है। उन्होंने कहा कि सड़कों को खोदकर आधा-अधूरा छोड़ दिया जाता है, न तो समुचित समतलीकरण किया जाता है और न ही पानी का छिड़काव, जिससे पूरे क्षेत्र में धूल-मिट्टी उड़ रही है और लोगों का जीना दूभर हो गया है।
मोर्चा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारी व अभियंता मौके पर सुपरविजन नहीं करते, जिससे कार्य पूरी तरह ठेकेदारों और मजदूरों के भरोसे छोड़ दिया गया है। इससे यह भी आशंका बनी हुई है कि जो सीवरेज लाइन बिछाई जा रही है, उसका लेवल सही है भी या नहीं। कई स्थानों पर सीवरेज चैंबर ऊंचे बनाकर छोड़ दिए गए हैं, जिनके कारण कई लोग चोटिल हो चुके हैं।
रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो कार्यदायी संस्था और ठेकेदार जनता पर कोई एहसान कर रहे हों, जबकि यह कार्य जनता के पैसों से हो रहा है। उन्होंने नगर पालिका व जिला प्रशासन से भी इन अव्यवस्थाओं में तत्काल दखल देने की मांग की।
मोर्चा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि संबंधित विभाग और ठेकेदारों ने शीघ्र ही व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं कीं तो जन संघर्ष मोर्चा आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
पत्रकार वार्ता में मोर्चा महासचिव आकाश पंवार एवं दिलबाग सिंह भी मौजूद रहे।
