श्रीबूढ़ा महादेव मंदिर में 22 से 29 दिसंबर तक गूंजेगी भागवत भक्ति की अमृतधारा

श्रीबूढ़ा महादेव मंदिर में 22 से 29 दिसंबर तक गूंजेगी भागवत भक्ति की अमृतधारा

विकासनगर। (उत्तराखंड बोल रहा है)
सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार हेतु श्रीबूढ़ा महादेव मंदिर परिसर में 22 दिसंबर से 29 दिसंबर 2025 तक श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस पावन आयोजन को लेकर रविवार को मंदिर परिसर में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई, जिसमें आयोजकों ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की।


आयोजन का शुभारंभ 22 दिसंबर को प्रातः 10 बजे मंगल कलश यात्रा के साथ होगा। यह यात्रा काली माता मंदिर से प्रारंभ होकर श्रीबूढ़ा महादेव मंदिर स्थित कथा स्थल तक पहुंचेगी। प्रतिदिन कथा का वाचन दोपहर 2:30 बजे से सायं 5:30 बजे तक किया जाएगा, जबकि 29 दिसंबर को पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ कथा सप्ताह का विधिवत समापन होगा।
पत्रकार वार्ता में कथाव्यास आचार्य प्रेम नारायण महाराज ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा सनातन संस्कृति की आत्मा है, जो मानव जीवन को सत्य, करुणा और धर्म के पथ पर अग्रसर करती है। उन्होंने कहा कि आज के भटकते समाज को यदि कोई दिशा दे सकती है तो वह सनातन परंपरा ही है, जो जीवन में संतुलन और आनंद का मार्ग प्रशस्त करती है।
कार्यक्रम के अध्यक्ष ब्रह्मचारी श्री महेश स्वरूप महाराज ने कहा कि सनातन का वास्तविक अर्थ ही प्रसन्नता और लोककल्याण है। जब व्यक्ति धर्म से जुड़ता है, तो उसका जीवन स्वयं सकारात्मकता से भर जाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्राचीन और पावन श्रीबूढ़ा महादेव मंदिर में आयोजित यह कथा समाज में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करेगी।


इस आयोजन को जगद्गुरु पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 श्री हरिओम चैतन्य पुरी जी महाराज का पावन सान्निध्य भी प्राप्त होगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद् भागवत कथा का पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।