ओएनजीसी व जनकल्याण ट्रस्ट की ओर से भेंट एंबुलेंस, पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने की समर्पित
विकासनगर। क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में शुक्रवार को उप जिला अस्पताल विकासनगर को नई एंबुलेंस की सौगात मिली। यह एंबुलेंस ओएनजीसी और जनकल्याण ट्रस्ट के सहयोग से अस्पताल को भेंट की गई, जिसे पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने औपचारिक रूप से अस्पताल प्रबंधन को समर्पित किया।
एंबुलेंस की चाबी सौंपते हुए नवप्रभात ने कहा कि विकासनगर का उप जिला अस्पताल क्षेत्र का सबसे बड़ा स्वास्थ्य केंद्र है। यहां एंबुलेंस सेवा उपलब्ध होने से आपात स्थिति में मरीजों को त्वरित और बेहतर उपचार मिल सकेगा।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप चौहान, प्रदेश कांग्रेस सचिव विकास शर्मा, समाजसेवी संजय जैन, सरदार बलजीत सिंह व रिंकू कनौजिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।