भूपेंद्र सिंह परमार के नेतृत्व में मजबूत होगा प्रधान संगठन विकासनगर
विकासनगर प्रधान संगठन की पहली बैठक, भूपेंद्र सिंह परमार पर जताया भरोसा
विकासनगर संवाददाता, (उत्तराखंड बोल रहा है)
प्रधान संगठन विकासनगर की पहली बैठक उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें ब्लॉक क्षेत्र के 36 ग्राम प्रधानों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत बनाना और सभी प्रधानों की समस्याओं के सामूहिक समाधान की दिशा में एकजुट होकर कार्य करना रहा।

बैठक में उपस्थित प्रधानों ने संगठन की एकता पर जोर देते हुए कहा कि सभी ग्राम प्रधान एक मंच पर मिलकर कार्य करें ताकि विकास कार्यों में गति लाई जा सके। कुछ प्रधानों ने हाल ही में बने छोटे समूहों में नाम जोड़े जाने पर आपत्ति जताई, लेकिन अंततः सभी ने आपसी सहमति और एकजुटता बनाए रखने का संकल्प लिया।
गौरतलब है कि 15 अगस्त को आयोजित बैठक में जस्सोवाला के ग्राम प्रधान चौधरी भूपेंद्र सिंह परमार को सर्वसम्मति से प्रधान संगठन का ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया था।
भूपेंद्र सिंह परमार ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य सभी प्रधानों की आवाज़ को प्रशासन तक प्रभावी रूप से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रधान अकेला नहीं है — सभी समस्याओं और चुनौतियों का सामना संगठन मिलजुलकर करेगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द ही भूपेंद्र सिंह परमार के नेतृत्व में संगठन की कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
सभी उपस्थित प्रधानों ने विश्वास जताया कि परमार के नेतृत्व में संगठन नई दिशा और मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा तथा ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
— विकासनगर संवाददाता
