क्यों नहीं मिल पाई किसानों को समय पर खाद? कृषि मंत्री जवाब दें : जन संघर्ष मोर्चा

क्यों नहीं मिल पाई किसानों को समय पर खाद? कृषि मंत्री जवाब दें : जन संघर्ष मोर्चा

विकासनगर। प्रदेश में किसानों को समय पर खाद (यूरिया) न मिलने से उपजे संकट को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने सरकार और विशेषकर कृषि मंत्री पर तीखा हमला बोला है। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रदेश का किसान महीनों से खाद के लिए भटक रहा है, लेकिन कृषि मंत्री गणेश जोशी को किसानों की इस गंभीर समस्या से कोई सरोकार नहीं है।
नेगी ने कहा कि दिसंबर तक किसानों को जो खाद मिल जानी चाहिए थी, वह जनवरी के अंत तक भी उपलब्ध नहीं हो पाई। अब सहकारी समितियों में खाद की आपूर्ति शुरू तो हुई है, लेकिन यह बेहद नाकाफी है, जो “ऊंट के मुंह में जीरा” साबित हो रही है। खुले बाजार में तो कई महीनों से यूरिया मिल ही नहीं पा रहा, जिससे सक्षम किसान भी खाद खरीदने में असमर्थ रहे।
उन्होंने कहा कि एक ओर वर्षा देर से होने के कारण किसान पहले से ही परेशान था, वहीं दूसरी ओर सही समय पर खाद न मिलने से उसकी परेशानी और बढ़ गई। प्रदेश के अधिकांश गरीब किसान सब्सिडी वाली खाद पर निर्भर रहते हैं, जबकि कई किसानों को सहकारी समितियों के माध्यम से उधार मिलने वाली खाद ही सहारा होती है। ऐसे में खाद की कमी ने किसानों की कमर तोड़ दी है।
मोर्चा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कृषि मंत्री पूरी तरह गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाए हुए हैं और किसानों का दर्द उन्हें सुनाई नहीं दे रहा। न तो समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस प्रयास किए गए और न ही देरी का कोई स्पष्ट कारण बताया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस देरी का जिम्मेदार कौन है और कृषि मंत्री आखिर कर क्या रहे हैं?
रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि ऐसे भ्रष्ट और लापरवाह मंत्री का पद पर बने रहना पूरी तरह अनुचित है। जन संघर्ष मोर्चा कृषि मंत्री से इस पूरे मामले पर जवाब चाहता है और शीघ्र ही इस मुद्दे को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएगा।
पत्रकार वार्ता में प्रमोद शर्मा और दरबान सिंह असवाल भी मौजूद रहे।