पंचायतों के विकास कार्यों की जांच पर मंत्री सतपाल महाराज क्यों खामोश? – जन संघर्ष मोर्चा
विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने आरोप लगाया कि पंचायतों के विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर घोटाले हुए हैं, लेकिन पंचायती राज मंत्री सतपाल महाराज अपनी घोषणा के बावजूद इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं कर रहे।
नेगी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि करीब 9-10 माह पूर्व मंत्री महाराज ने जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत एवं ग्राम पंचायत स्तर पर हुए विकास कार्यों की जांच कराने की घोषणा की थी। लेकिन उसके बाद से ही इस मामले में उन्होंने चुप्पी साध ली है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर मंत्रीजी किस डर से पीछे हट रहे हैं।
मोर्चा अध्यक्ष नेगी ने आरोप लगाया कि पंचायतों में विकास कार्यों के नाम पर करोड़ों-अरबों रुपये की लूट हुई है। कई कार्य धरातल पर कभी उतरे ही नहीं, वहीं अधिकांश कामों में महज 30-40 फ़ीसदी राशि खर्च कर खानापूरी कर दी गई। शेष धनराशि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत से हड़प ली गई।
उन्होंने कहा कि कई कार्यों को अलग-अलग नाम देकर दो से तीन बार भुगतान उठाया गया। उदाहरण देते हुए बताया कि “ए के घर से बी के घर तक सड़क” और उसी सड़क को “बी के घर से ए के घर तक सड़क” दिखाकर बजट का दुरुपयोग किया गया।
नेगी ने यह भी सवाल उठाया कि जब जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख और ग्राम प्रधान पद पाने के लिए करोड़ों-लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, तो क्या यह सारा पैसा विकास कार्यों की लूट से ही नहीं निकाला जा रहा?
मोर्चा ने मंत्री सतपाल महाराज से मांग की है कि वे अपने वादे को निभाते हुए पंचायतों के विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच कराएं, ताकि प्रदेश की जनता के सामने सच्चाई आ सके।
पत्रकार वार्ता में दिलबाग सिंह, भीम सिंह बिष्ट, अमित जैन और प्रमोद शर्मा भी मौजूद रहे।