महर्षि दयानंद के संदेशों संग आर्य समाज मंदिर विकास नगर का वार्षिकोत्सव सफल

महर्षि दयानंद के संदेशों संग आर्य समाज मंदिर विकास नगर का वार्षिकोत्सव सफल

आर्य समाज मंदिर विकासनगर का 131वां वेद प्रचार सप्ताह व वार्षिकोत्सव सम्पन्न

विकासनगर। (उत्तराखंड बोल रहा है )आर्य समाज मंदिर विकासनगर में 14 सितंबर से प्रारंभ हुआ 131वां वेद प्रचार सप्ताह एवं वार्षिकोत्सव 20 सितंबर को पूर्णाहुति यज्ञ के साथ हर्षोल्लास एवं आध्यात्मिक माहौल में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम के यजमान  अमिताभ, मीनू वर्मा, विवेक कुमार, सोनिका वालिया, आयुष्मान, उन्नति, गंभीर सिंह और शशिबाला बने। यज्ञ का संचालन पंडित चंदन शास्त्री एवं गुरुकुल पौधा के ब्रह्मचारी राहुल  ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कराया।

अमृतसर से पधारे प्रसिद्ध भजनोपदेशक पंडित दिनेश पथिक ने भक्ति भाव से भजनों की प्रस्तुतियों द्वारा श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उन्होंने महर्षि दयानंद के कार्यों का महत्व बताते हुए भारतीय संस्कृति एवं सनातन धर्म को अंधविश्वास और पाखंड से बचाने की प्रेरणा दी।

गुरुकुल पौधा से आए वैदिक प्रवक्ता आचार्य डॉ. धनंजय ने ओजस्वी वाणी में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वेद और विज्ञान साथ-साथ चलते हैं। दुखों से मुक्ति ही वास्तविक सुख है। उन्होंने पुनर्जन्म और कर्मफल सिद्धांत का वैज्ञानिक आधार समझाते हुए गुरु पूर्णिमा, सावन पूर्णिमा और पितृपक्ष जैसे पर्वों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का संचालन श्री अमिताभ अनिरुद्ध एवं नंदनी गुप्ता ने किया। इस अवसर पर आर्य उप-प्रतिनिधि सभा देहरादून की जिला प्रधान शधनंज सोनिका वालिया व उपप्रधान केदार सिंह रावत ने आर्य समाज के सामाजिक कार्यों की जानकारी दी।

मंदिर के प्रधान नरेंद्र वर्मा, मंत्री दीपक बंसल, कोषाध्यक्ष विवेक कुमार, संरक्षक सदस्य समिति के वरिष्ठ सदस्य रामपाल रोहिल्ला, दिनेश सिंह, हरिकिशोर महिंद्रा, दयानंद तिवारी, डॉ. नरदेव शर्मा, विनीता रानी, विजय वर्मा, ईश्वर मेहंदीरत्ता सहित बड़ी संख्या में सदस्य और नगरवासी उपस्थित रहे।

इस दौरान वरिष्ठ सदस्य जितेंद्र कौशिक को शॉल और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें सत्यार्थ प्रकाश भेंट स्वरूप प्रदान की गई।

कार्यक्रम में भोगपुर, डोभरी, सोरना, शंकरपुर, हरबर्टपुर, रुद्रपुर, लांघा, भूड़, चांदपुर, होरावाला, भीमावाला, पौधा गुरुकुल, उगरपुर गुरुकुल (सहारनपुर) आदि क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्ममय वातावरण बनाया।

अंत में शांति पाठ के साथ सभा का समापन किया गया और सभी श्रद्धालुओं ने ऋषि लंगर का आनंद लिया।

इस प्रकार आर्य समाज मंदिर विकासनगर का 131वां वेद प्रचार सप्ताह एवं वार्षिकोत्सव श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिकता के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।