मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेंजर्स ग्राउंड, देहरादून में कंचनपुर उद्योग वाणिज्य संघ द्वारा आयोजित इण्डो नेपाल अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला तथा पर्यटन महोत्सव में शिरकत की। उन्होंने भारत और नेपाल के स्थानीय उत्पादों पर आधारित विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह महोत्सव भारत-नेपाल के सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंधों को सुदृढ़ करेगा। उन्होंने भारत और नेपाल के धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण में नेपाल की सनातनी जनता की आस्था भी जुड़ी हुई है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत-नेपाल संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नेबरहुड फर्स्ट नीति के तहत नेपाल को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। पंचेश्वर बांध परियोजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे सीमावर्ती क्षेत्रों की ऊर्जा आवश्यकताओं के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में नेपाल के पूर्व मुख्यमंत्री राजेंद्र सिंह रावल, विधायक खजान दास, कंचनपुर उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष पीतांबर जोशी समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।