शोभायात्रा में हंगामे की कोशिश नाकाम, पुलिस की तत्परता से बिगड़ने से बचा माहौल

उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग

शोभायात्रा में हंगामे की कोशिश नाकाम, पुलिस की तत्परता से बिगड़ने से बचा माहौल
(उत्तराखंड बोल रहा है)
विकासनगर, 03 जून। जैन समाज की भव्य शोभायात्रा के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने समय रहते हिरासत में लेकर शांति व्यवस्था बनाए रखी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित विवाद टल गया और शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
जानकारी के अनुसार कस्बा बाजार में जैन समाज की ओर से धार्मिक शोभायात्रा निकाली जा रही थी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, बच्चे, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा विधायक मुन्ना सिंह चौहान शामिल थे। इसी बीच एक व्यक्ति भीड़ के बीच पहुंचकर अभद्र व्यवहार करने लगा और लोगों के साथ गाली-गलौज व धक्का-मुक्की करने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसके व्यवहार से लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी थी और स्थिति किसी भी समय विवाद का रूप ले सकती थी। मामले की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और व्यक्ति को भीड़ से अलग कर हिरासत में ले लिया।
पुलिस जांच में उसकी पहचान खेम सिंह पुत्र परम सिंह निवासी ग्राम खारसी, चकराता के रूप में हुई। पुलिस ने शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए उसके खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी का पूर्व में भी विवादों से नाता रहा है। वर्ष 2024 में उसके खिलाफ थाना चकराता में मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें वह न्यायिक हिरासत में भेजा गया था और वर्तमान में जमानत पर है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के संबंध में अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं। वहीं प्रशासन और पुलिस की सतर्कता के चलते जैन समाज की शोभायात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिससे श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली।