बारिश और बरसाती पानी से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे विधायक मुन्ना सिंह चौहान, लिया हालात का जायजा
जल निकासी, क्षतिग्रस्त सड़कों और सुरक्षा कार्यों में तेजी लाने के अधिकारियों को दिए निर्देश
(उत्तराखंड बोल रहा है )
विकासनगर। लगातार हो रही बारिश के बीच बाढ़ और बरसाती पानी से प्रभावित क्षेत्रों में विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने स्थलीय निरीक्षण कर जमीनी हालात का जायजा लिया। विधायक ने प्रभावित इलाकों में पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों और प्रभावित परिवारों से बातचीत की तथा उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत डूमेट के जमुनापुल में बरसाती नाले के तेज बहाव से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया गया। वहीं जौनसार एचपी गैस एजेंसी तथा बाड़वाला के समीप सड़क खिसकने से मकानों के नीचे पैदा हुए खतरे को देखते हुए विधायक ने मौके की स्थिति का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम तत्काल उठाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा ग्राम पंचायत नवाबगढ़ में बरसाती नालों के चौक होने के कारण कई घरों में पानी घुसने की सूचना पर विधायक मौके पर पहुंचे। उन्होंने जलभराव की स्थिति का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को नालों की तत्काल सफाई कराने और पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग और तहसील प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा की स्थिति में राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों, सुरक्षा दीवारों और अन्य प्रभावित निर्माणों की मरम्मत एवं सुरक्षा कार्यों को प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने तहसील प्रशासन से कहा कि बारिश और बरसाती पानी से प्रभावित कोई भी परिवार राहत एवं सहायता से वंचित न रहे। प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की टीमें भेजकर नुकसान का आकलन कराया जाए और जरूरत के अनुसार प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।
विधायक ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार, प्रशासन और जनप्रतिनिधि पूरी संवेदनशीलता के साथ जनता के साथ खड़े हैं। लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरत के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत डूमेट के प्रधान पूरण शर्मा, ग्राम पंचायत बाड़वाला के प्रधान बिशनदत्त शर्मा, ग्राम पंचायत नवाबगढ़ की प्रधान शहाना अली, भजराम, मनीष ठाकुर, भानु, शनि भंडारी, निर्मल, विशाल, मनीष सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
