उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग
रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर निवासी और अंतरराष्ट्रीय मालवाहक जहाज के कप्तान अजय पंत को ब्रिटेन में गिरफ्तार किए जाने का मामला सामने आया है। ब्रिटेन की नेशनल क्राइम एजेंसी (NCA) ने उन पर रूस के खिलाफ लगाए गए प्रतिबंधों के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि कैप्टन अजय पंत पर रूस से भारत की ओर आ रहे जहाज के इंग्लिश चैनल पार करते समय ब्रिटेन की समुद्री सीमा में कथित रूप से अवैध प्रवेश करने का आरोप लगाया गया है। इसके बाद ब्रिटिश सशस्त्र बलों ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद अजय पंत का परिवार चिंता में है। उनकी पत्नी ने सोशल मीडिया के माध्यम से भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से मदद की अपील की है। उन्होंने कहा कि उनके पति निर्दोष हैं और उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया है।
परिवार ने सरकार से कैप्टन अजय पंत की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें जल्द से जल्द सकुशल भारत वापस लाने की मांग की है। इस मामले को लेकर रामनगर क्षेत्र में भी लोगों में चिंता का माहौल है।
