जिला सूचना अधिकारी पद पर प्रियंका जोशी ने संभाला कार्यभार
(उत्तराखंड बोल रहा है)
नए नेतृत्व से सूचना तंत्र को मिलेगी नई ऊर्जा और दिशा
देहरादून, 21 अप्रैल
जनपद देहरादून के सूचना विभाग को मंगलवार को नया नेतृत्व मिला, जब श्रीमती प्रियंका जोशी ने विधिवत रूप से जिला सूचना अधिकारी का पदभार ग्रहण किया। उनके पदभार ग्रहण करते ही जिला सूचना कार्यालय में उत्साह और नई उम्मीदों का माहौल दिखाई दिया।
स्थानांतरण के उपरांत 21 अप्रैल 2026 को कार्यभार संभालते हुए प्रियंका जोशी ने विभागीय दायित्वों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और सक्रियता के साथ निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर आयोजित संक्षिप्त स्वागत समारोह में जिला सूचना परिवार के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

अपने संबोधन में प्रियंका जोशी ने टीम वर्क को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि जनपद में संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जनसंपर्क गतिविधियों को और अधिक सशक्त, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुख बनाने पर विशेष बल दिया।
कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में सूचना तंत्र को नई गति, नई सोच और नई कार्यसंस्कृति मिलेगी। सभी ने आशा जताई कि उनके मार्गदर्शन में विभाग जनपद स्तर पर उत्कृष्ट कार्यों की नई मिसाल कायम करेगा।
