देहरादून के चंद्रमणि चौक स्थित Hyundai शोरूम में भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप

उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग

देहरादून। राजधानी देहरादून के चंद्रमणि चौक क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक Hyundai शोरूम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि इसकी ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार काफी दूर से दिखाई दे रहा था।

जानकारी के अनुसार, चंद्रमणि चौक स्थित BM Hyundai के शोरूम में सुबह करीब 5:30 बजे अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। दमकल कर्मियों द्वारा लगातार पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग की चपेट में आने से शोरूम में कितना नुकसान हुआ है, इसका भी आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर आग की तीव्रता को देखते हुए शोरूम के अंदर मौजूद सामान और वाहनों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस और दमकल विभाग की टीम पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान और आग लगने के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।