उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग
भाजपा की गढ़वाल संभाग बैठक में 2027 की चुनावी रणनीति को अंतिम रूप, जीत की हैट्रिक का संकल्प
(उत्तराखंड बोल रहा है)
देहरादून, 18 अगस्त। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक हासिल करने के संकल्प के साथ भाजपा की गढ़वाल संभाग की सांसद-विधायक बैठक मंगलवार को प्रदेश मुख्यालय बलबीर रोड में संपन्न हुई। बैठक में गढ़वाल मंडल के तीनों लोकसभा क्षेत्रों—टिहरी, गढ़वाल और हरिद्वार—के सांसदों, विधायकों एवं जिला अध्यक्षों ने भाग लिया। बैठक में सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों की राजनीतिक परिस्थितियों, विकास कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तृत मंथन करते हुए आगामी चुनाव के लिए रणनीति को अंतिम रूप दिया गया।

बैठक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में हुई। लोकसभावार बैठकों में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, गढ़वाल सांसद एवं भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बलूनी तथा हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सहित संबंधित विधायक एवं जिला अध्यक्ष मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पार्टी लगातार विभिन्न स्तरों पर बैठकें कर संगठन और सरकार के कामकाज की समीक्षा कर रही है। नगर निकायों, मेयर, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, मंडल अध्यक्ष और जिलाध्यक्षों के साथ बैठकों के बाद अब सांसदों और विधायकों से क्षेत्रवार फीडबैक लिया जा रहा है। प्राप्त सुझावों के आधार पर आगामी कार्ययोजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा।

डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से डबल इंजन सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
मानसून सीजन में प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करने को कहा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और विकास कार्यों को प्राथमिकता देना संगठन एवं जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।
70 विधानसभा सीटों पर हुआ मंथन : महेंद्र भट्ट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि गढ़वाल संभाग की तीनों लोकसभाओं की बैठकों में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के राजनीतिक परिदृश्य पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्रों में विधायकों के प्रवास, सरकार के माध्यम से कराए जा सकने वाले विकास कार्यों, युवाओं, महिलाओं और पूर्व सैनिकों से जुड़े कार्यक्रमों समेत विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर मंथन किया गया।

उन्होंने कहा कि विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की राजनीतिक परिस्थितियों और जनता से जुड़ी समस्याओं की जानकारी प्रदेश नेतृत्व को दी। कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय पर भी विशेष जोर दिया गया। मंडल स्तर के पदाधिकारियों एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के साथ सामूहिक बैठकें भी जल्द आयोजित की जाएंगी।
भट्ट ने कहा कि कमजोर और पिछली बार हारी हुई सीटों समेत सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों पर गंभीरता से मंथन किया गया है। कुमाऊं और गढ़वाल संभाग की बैठकों में प्रत्येक सीट के लिए चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई है।

भाजपा का घोषणापत्र धरातल पर उतरता है : भट्ट
कांग्रेस की घोषणापत्र समिति को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा अपनी संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत जनता से फीडबैक लेकर घोषणापत्र तैयार करती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा अपने घोषणापत्र में किए गए वादों को धरातल पर उतारने के लिए काम करती है, जबकि कांग्रेस की समितियों का जनता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता और उनके परिणाम सामने नहीं आते।
विकास के ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर चुनाव लड़ेगी भाजपा : बलूनी
गढ़वाल सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बलूनी ने कहा कि आगामी चुनाव में पार्टी पहले से अधिक मेहनत करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की चुनावी तैयारी विकास आधारित है और पिछले करीब दस वर्षों में उत्तराखंड में हुए विकास कार्यों को जनता के सामने रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य में पिछले वर्षों में हुए विकास और भाजपा सरकार के ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर पार्टी जनता के बीच जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की जनता विकास कार्यों के आधार पर भाजपा को दोबारा अपना स्नेह देगी।
हरिद्वार में पहले से अधिक सीटें जीतने का दावा
हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि चुनाव में पार्टी पूरी ताकत के साथ मेहनत करेगी। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में हरिद्वार क्षेत्र में पार्टी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई थी, लेकिन इस बार संगठन अधिक मेहनत करेगा और भाजपा पहले से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
बैठक में सांसदों, विधायकों एवं जिला अध्यक्षों के अलावा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, कुंदन परिहार और तरुण बंसल समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
