जनता को 5 लाख का लॉलीपॉप, नेताओं को आजीवन इलाज! मोर्चा

उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग

जनता को 5 लाख का लॉलीपॉप, नेताओं को आजीवन इलाज! मोर्चा

गंभीर बीमारियों में आम आदमी को भगवान भरोसे छोड़ रही सरकार: रघुनाथ सिंह नेगी
(उत्तराखंड बोल रहा है)
विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने सरकार की स्वास्थ्य नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में वर्तमान और पूर्व विधायक-मंत्रियों को आजीवन चिकित्सा सुविधा दी जा रही है, जबकि आम जनता को सिर्फ 5 लाख रुपये का आयुष्मान बीमा देकर “लॉलीपॉप” थमा दिया गया है।


पत्रकारों से वार्ता करते हुए नेगी ने कहा कि एक विधायक या मंत्री और उनके परिवार के इलाज पर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च हो जाएं तो उसका पूरा बोझ सरकार उठाती है, लेकिन वही जनता, जिसने उन्हें चुनकर सत्ता तक पहुंचाया, गंभीर बीमारियों में इलाज के अभाव में दम तोड़ने को मजबूर है।
नेगी ने कहा कि कैंसर, किडनी फेलियर, हार्ट ट्रांसप्लांट जैसी गंभीर बीमारियों में 5 लाख रुपये का आयुष्मान कवर बेहद नाकाफी साबित हो रहा है। कई परिवार इलाज के लिए घर-जमीन बेचने को मजबूर हो जाते हैं, कर्ज में डूब जाते हैं और कई मामलों में आत्महत्या तक की नौबत आ जाती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आज तक किसी विधायक या मंत्री ने आम जनता के लिए आयुष्मान योजना का दायरा बढ़ाने की आवाज नहीं उठाई। “नेताओं को सिर्फ अपनी सुविधाओं की चिंता है, जनता से उनका कोई वास्ता नहीं रह गया,” नेगी ने कहा।


जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष ने सरकार से मांग की कि गंभीर बीमारियों के लिए आयुष्मान योजना का बीमा कवर बढ़ाकर कम से कम 15 से 20 लाख रुपये किया जाए, ताकि गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को राहत मिल सके।
नेगी ने चेतावनी दी कि मोर्चा जल्द ही इस मुद्दे को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएगा और जरूरत पड़ी तो आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जाएगा।
इस दौरान पछवादून अध्यक्ष अमित जैन और ब्लॉक मीडिया प्रभारी अतुल हांडा भी मौजूद रहे।