ग्राफिक एरा हॉस्पिटल पर मोर्चा का बड़ा हमला, मरीजों से लूटपाट और अनावश्यक ऑपरेशन के लगाए गंभीर आरोप

उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग

ग्राफिक एरा हॉस्पिटल पर मोर्चा का बड़ा हमला, मरीजों से लूटपाट और अनावश्यक ऑपरेशन के लगाए गंभीर आरोप
(उत्तराखंड बोल रहा है)
“ऑपरेशन के नाम पर लाखों रुपये जमा कराने का बनाया जाता है दबाव, मृत मरीजों के परिजनों से भी वसूली”
लूटपाट बंद नहीं हुई तो अस्पताल पर स्थायी ताला लगाने का आंदोलन होगा : रघुनाथ सिंह नेगी
विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने ग्राफिक एरा हॉस्पिटल, धूलकोट देहरादून पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। पत्रकार वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन ऑपरेशन के नाम पर लोगों में भय का माहौल पैदा कर लाखों रुपये जमा कराने का दबाव बनाता है तथा कई मामलों में जरूरत न होने के बावजूद मरीजों को सर्जरी के लिए मजबूर किया जाता है।
नेगी ने कहा कि अस्पताल में “हैवानियत और लूटपाट की सारी सीमाएं पार” हो चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मृत मरीजों के परिजनों से भी दवाइयों, स्टेंट और वेंटिलेटर आदि के नाम पर भारी रकम वसूली जाती है। साथ ही अन्य राज्यों से आने वाले मरीजों को भी कथित रूप से आर्थिक शोषण का शिकार बनाया जाता है।


उन्होंने एक मामले का जिक्र करते हुए कहा कि माइनर ब्रेन हेमरेज से पीड़ित एक मरीज को तत्काल ऑपरेशन की जरूरत बताते हुए 25 लाख रुपये जमा करने के लिए कहा गया था। परिजनों के मोर्चा से संपर्क करने के बाद अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों से राय ली गई और बिना ऑपरेशन के करीब सवा लाख रुपये के खर्च में मरीज को एक सप्ताह के भीतर स्वस्थ कर घर भेज दिया गया।
मोर्चा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि एक अन्य मामले में मरीज की मृत्यु के बाद परिजनों से स्टेंट लगाने के नाम पर करीब सवा दो लाख रुपये जमा कराने की मांग की गई। उनके हस्तक्षेप के बाद कथित रूप से 18 से 20 हजार रुपये के भुगतान पर शव परिजनों को सौंपा गया।
रघुनाथ सिंह नेगी ने यह भी आरोप लगाया कि आयुष्मान योजना के नाम पर सरकार को चूना लगाने के साथ-साथ मरीजों से अतिरिक्त शुल्क की मांग की जाती है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अस्पताल प्रबंधन ने कथित लूटपाट पर रोक नहीं लगाई तो जन संघर्ष मोर्चा व्यापक आंदोलन करेगा और अस्पताल पर स्थायी ताला लगाने की लड़ाई लड़ी जाएगी।
पत्रकार वार्ता में पछवादून अध्यक्ष अमित जैन तथा ब्लॉक मीडिया प्रभारी अतुल हांडा भी मौजूद रहे।