पटेल नगर में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल

उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग

बड़ोवाला फायरिंग कांड का आरोपी निकला घायल बदमाश; पांच लाख रुपये में बैंककर्मी की हत्या की सुपारी लेने का खुलासा, साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

देहरादून। पटेल नगर क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान अंकित चौहान (25) निवासी लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का देसी तमंचा, एक जिंदा और दो खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। फरार आरोपी की पहचान अंकुर, निवासी लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है। उसकी तलाश में पुलिस का सर्च और कॉम्बिंग अभियान जारी है।

चेकिंग के दौरान भागे बदमाश, पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को पटेल नगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गोरखपुर चौक पर पुलिस टीम ने बिना नंबर की संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को चेकिंग करते देख बाइक सवार तेजी से प्रेमनगर रोड की ओर भाग निकले।

पुलिस टीम ने कंट्रोल रूम के माध्यम से अन्य थानों को सूचना देते हुए बदमाशों का पीछा किया। दोनों आरोपी चाय बागान की पगडंडी पर मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस के पीछा करने के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अंकित चौहान के पैर में गोली लग गई। वहीं उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घायल बदमाश को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। फरार आरोपी की तलाश में आसपास के जंगल और संभावित ठिकानों पर लगातार कॉम्बिंग की जा रही है।

बड़ोवाला में बैंककर्मी पर फायरिंग का आरोपी

पुलिस पूछताछ में घायल आरोपी अंकित चौहान ने बड़ोवाला क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व हुई फायरिंग की घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर 2026 को साक्षी चौहान ने पटेल नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि वह अपने फुफेरे भाई सत्यम कुमार के साथ स्कूटी से घर लौट रही थीं। बड़ोवाला में Jio पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी के आगे बाइक लगाकर सत्यम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया था। गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया था।

इस मामले में कोतवाली पटेल नगर में मु0अ0सं0 614/2026, धारा 109(1)/3(5) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी का खुलासा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अंकित ने बताया कि सत्यम कुमार की हत्या के लिए उसे पांच लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। इस साजिश में हरिद्वार निवासी मोहित और एक महिला, मालिया रहमान, के नाम सामने आए हैं।

बताया गया कि मालिया की वर्ष 2020 में उज्जीवन बैंक, हरिद्वार में नौकरी के दौरान सत्यम से पहचान हुई थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच लंबे समय तक संबंध रहे, लेकिन बाद में सत्यम ने किसी अन्य युवती से सगाई कर ली। इसके बाद कथित तौर पर मालिया और मोहित ने सत्यम को रास्ते से हटाने के लिए अंकित से संपर्क किया और इसके एवज में पांच लाख रुपये देने की बात कही।

अंकित के अनुसार, उसे एडवांस के रूप में 1.20 लाख रुपये दिए गए थे। मालिया ने ही उसे सत्यम की फोटो उपलब्ध कराई और देहरादून स्थित उज्जीवन बैंक कार्यालय की जानकारी दी थी।

बैंक से निकलते ही किया था पीछा

पुलिस पूछताछ के मुताबिक, 8 सितंबर की शाम अंकित अपने साथी अंकुर के साथ देहरादून पहुंचा था। दोनों उज्जीवन बैंक के बाहर सत्यम के बाहर निकलने का इंतजार कर रहे थे। शाम करीब 7:45 बजे सत्यम के बैंक से निकलने के बाद दोनों ने मोटरसाइकिल से उसका पीछा किया।

बड़ोवाला के शिमला बायपास रोड पर सुनसान स्थान देखकर आरोपियों ने अपनी मोटरसाइकिल सत्यम की स्कूटी के आगे लगा दी और उस पर फायर कर दिया। गोली लगने से सत्यम घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस से बचने के लिए दोनों पहले दिल्ली और फिर हरियाणा चले गए। पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को मोहित के कहने पर दोनों बकाया रकम लेने के लिए दोबारा देहरादून आए थे। इसी दौरान चेकिंग में पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया और पीछा करने के बाद मुठभेड़ हो गई।

सीसीटीवी और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से पहुंची पुलिस आरोपियों तक

घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य माध्यमों से आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई गई।

लगातार किए गए प्रयासों के बाद पुलिस को दोनों आरोपियों के देहरादून लौटने की सूचना मिली, जिसके आधार पर चेकिंग अभियान चलाया गया और मुठभेड़ के दौरान अंकित चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी पहले भी आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुका है। अब पुलिस फरार आरोपी अंकुर और इस पूरी साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

बरामदगी

  • .315 बोर का एक देसी तमंचा
  • एक जिंदा और दो खोखा कारतूस
  • घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल

घायल अभियुक्त: अंकित चौहान पुत्र ध्रुव नारायण, निवासी सोसायटी रोड, लक्सर, केशव नगर, हरिद्वार, उम्र 25 वर्ष।
वांछित अभियुक्त: अंकुर पुत्र ब्रह्मपाल, निवासी लोको मोहल्ला, पीर वाली गली, लक्सर, हरिद्वार।