उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग
7वें वेतनमान की सौगात: कैबिनेट की मंजूरी पर निगम कर्मचारियों में खुशी, रघुनाथ नेगी का भव्य अभिनंदन
(उत्तराखंड बोल रहा है)
विकासनगर। उत्तराखण्ड राज्य भण्डारण निगम के कर्मचारियों के लिए 7वें वेतनमान को राज्य मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की मंजूरी मिलने पर निगम में खुशी की लहर दौड़ गई। इस ऐतिहासिक निर्णय के बाद कर्मचारी यूनियन ने अपने संरक्षक एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी का अभिनंदन कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की वर्षों पुरानी इस न्यायोचित मांग को पूरा कराने में रघुनाथ सिंह नेगी ने लगातार गंभीर प्रयास किए। उन्होंने शासन, सचिवालय और निगम प्रशासन के समक्ष कर्मचारियों का पक्ष मजबूती से रखा तथा पूरे मामले की लगातार पैरवी कर इसे अंतिम मंजिल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कर्मचारियों ने कहा कि उनके अथक प्रयास, मार्गदर्शन और नेतृत्व के कारण आज यह बहुप्रतीक्षित उपलब्धि संभव हो सकी है।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि 7वें वेतनमान की स्वीकृति से निगम के कर्मचारियों में उत्साह और संतोष का माहौल है। उन्होंने उत्तराखण्ड सरकार, मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल, सहकारिता विभाग, निगम प्रशासन तथा सभी संबंधित अधिकारियों का भी आभार जताया, जिनके सकारात्मक सहयोग से वर्षों से लंबित यह मामला सुलझ सका।
इस अवसर पर यूनियन संरक्षक रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि निगम के सभी कर्मचारियों की एकजुटता, धैर्य और विश्वास की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी कर्मचारियों के हितों और उनके न्यायोचित अधिकारों की रक्षा के लिए वह हर स्तर पर संघर्ष और सहयोग जारी रखेंगे।
कार्यक्रम में यूनियन अध्यक्ष संतोष सिंह नेगी, उपाध्यक्ष मनोज नेगी, संयुक्त मंत्री राजेन्द्र कुमार जोशी, प्रचार मंत्री योगेन्द्र नेगी, राम अवतार सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं यूनियन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
