समाज सेवा में साढ़े तीन दशक के योगदान पर रघुनाथ सिंह नेगी को मिला ‘भारत के देशभक्त’ सम्मान

उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग

समाज सेवा में साढ़े तीन दशक के योगदान पर रघुनाथ सिंह नेगी को मिला ‘भारत के देशभक्त’ सम्मान

(उत्तराखंड बोल रहा है)
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ की पूर्व बेला पर संयुक्त नागरिक संगठन, देहरादून की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी को समाज सेवा, देशप्रेम और जनहित के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘भारत के देशभक्त’ सम्मान से सम्मानित किया गया।
संयुक्त नागरिक संगठन ने नेगी के करीब साढ़े तीन दशक से समाज के विभिन्न वर्गों के हितों के लिए किए जा रहे कार्यों, संघर्ष और समर्पण को सम्मान का आधार बताया। कार्यक्रम में संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए सांप्रदायिक सौहार्द, पारस्परिक भाईचारा, एकजुटता और देशप्रेम की भावना जरूरी है। इन मूल्यों के साथ नेगी द्वारा किए जा रहे निस्वार्थ सामाजिक कार्य प्रेरणादायी हैं।
सम्मान मिलने पर रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देशवासियों के लिए गौरव और ऐतिहासिक उपलब्धि का दिन है। उन्होंने कहा कि आज जिस तरह क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों को भुलाया जा रहा है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के बलिदान को सदैव याद रखा जाना चाहिए।
नेगी ने कहा कि वह अंतिम सांस तक समाज के दबे-कुचले, अति पिछड़े, पीड़ित और समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे लोगों के हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे। उन्होंने सम्मान के लिए संयुक्त नागरिक संगठन का आभार जताते हुए इसे सामाजिक संघर्ष के प्रति जिम्मेदारी और बढ़ाने वाला सम्मान बताया।
संगठन के अध्यक्ष ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) के.जी. बहल ने कहा कि सामाजिक सेवाओं में रघुनाथ सिंह नेगी के निस्वार्थ योगदान, त्याग और समर्पण को संयुक्त नागरिक संगठन हृदय से नमन करता है। उन्होंने नेगी को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम में संगठन के संरक्षक डॉ. फारुकी, महासचिव सुशील त्यागी, मोहन खत्री सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं जन संघर्ष मोर्चा की ओर से आकाश पंवार, हाजी असद और प्रवीण शर्मा पिन्नी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।