उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग
स्वतंत्रता दिवस पर ऋषभ चौहान को मिला उत्कृष्ट सेवा सम्मान
(उत्तराखंड बोल रहा है)
विकासनगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं कर्तव्यनिष्ठ योगदान के लिए उप जिला चिकित्सालय विकासनगर के वरिष्ठ सहायक ऋषभ चौहान को सम्मानित किया गया।
15 अगस्त 2026 को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, देहरादून द्वारा ऋषभ चौहान को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर चिकित्सालय की चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तथा विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में उनके मनोयोग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की गई। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
ऋषभ चौहान लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग में अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन कर रहे हैं। उनके कार्य के प्रति समर्पण और सकारात्मक दृष्टिकोण ने उन्हें सहकर्मियों के बीच भी सम्मान दिलाया है। स्वतंत्रता दिवस जैसे गौरवपूर्ण अवसर पर मिला यह सम्मान उनके सेवाभाव और मेहनत का उत्साहवर्धन करने वाला है।
इस अवसर पर वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी निर्मला राणा एवं वार्ड बॉय धर्मेंद्र सिंह को भी स्वास्थ्य सेवाओं एवं राष्ट्रीय कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मान मिलने पर ऋषभ चौहान ने इसे अपने लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग में जनसेवा ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भविष्य में भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प व्यक्त किया।
स्वतंत्रता दिवस पर मिला यह सम्मान न केवल ऋषभ चौहान के व्यक्तिगत योगदान की पहचान है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति समर्पित प्रत्येक कर्मचारी के लिए प्रेरणा का संदेश भी है।
