रक्षाबंधन पर एकल विद्यालय की आचार्य बहनों ने पुलिसकर्मियों और वनकर्मियों को बांधा रक्षा सूत्र

रक्षाबंधन पर एकल विद्यालय की आचार्य बहनों ने पुलिसकर्मियों और वनकर्मियों को बांधा रक्षा सूत्र

विकासनगर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर एकल विद्यालय अभियान अंचल विकासनगर, देहरादून की ओर से विभिन्न स्थानों पर रक्षा सूत्र बांधकर समाज की सुरक्षा में जुटे पुलिस एवं वन विभाग के कर्मियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई।

गुरुवार को एकल विद्यालय अंचल विकासनगर की आचार्य बहनों ने कोतवाली विकासनगर पहुंचकर प्रभारी अधिकारी एवं पुलिस कर्मियों को राखी और रक्षा सूत्र बांधे। इस दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों के कर्तव्य, निष्ठा और समाज की सुरक्षा में उनके योगदान को नमन करते हुए भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास के प्रतीक रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

इसी क्रम में एकल विद्यालय अभियान की ओर से कोतवाली सहसपुर में भी पुलिस कर्मियों को रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन पर्व मनाया गया। वहीं संच तीपरपुर की आचार्य बहनों, संच प्रमुख तथा अंचल अभियान प्रमुख राजेश चौहान के नेतृत्व में वन विभाग के कर्मियों को भी रक्षा सूत्र बांधा गया।

कार्यक्रम के माध्यम से समाज की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण में जुटे पुलिस एवं वन कर्मियों के प्रति सम्मान प्रकट किया गया। इस अवसर पर एकल अभियान अंचल समिति के पदाधिकारी, अभियान प्रमुख, विभिन्न संच प्रमुख एवं आचार्य बहनें उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के आयोजकों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि समाज में आपसी विश्वास, सुरक्षा और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का भी संदेश देता है।