आरटीई की दूसरी लॉटरी पर सन्नाटा, गरीब बच्चों के दाखिले पर संकट

उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग

आरटीई की दूसरी लॉटरी पर सन्नाटा, गरीब बच्चों के दाखिले पर संकट

अगस्त का पहला सप्ताह बीता, अभिभावक अब भी टकटकी लगाए बैठे; जन संघर्ष मोर्चा ने शिक्षा मंत्री पर साधा निशाना
(उत्तराखंड बोल रहा है)
विकासनगर। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी विद्यालयों में गरीब एवं वंचित वर्ग के बच्चों को मिलने वाले दाखिलों की दूसरी लॉटरी अब तक जारी न होने से अभिभावकों की चिंता बढ़ती जा रही है। जन संघर्ष मोर्चा ने इस देरी को लेकर सरकार और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि आरटीई के तहत पहली लॉटरी अप्रैल में निकाली गई थी, जबकि दूसरी लॉटरी सामान्यतः जुलाई के आसपास होने की उम्मीद रहती है। लेकिन अगस्त का पहला सप्ताह गुजरने के बावजूद दूसरी लॉटरी को लेकर विभाग की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
नेगी ने आरोप लगाया कि विभागीय उदासीनता का सीधा खामियाजा उन गरीब परिवारों के बच्चों को भुगतना पड़ रहा है, जिनके लिए आरटीई के तहत निजी विद्यालयों में प्रवेश शिक्षा की उम्मीद का बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि दाखिले में देरी केवल प्रशासनिक प्रक्रिया की देरी नहीं, बल्कि बच्चों के पूरे शैक्षणिक सत्र पर असर डालने वाला गंभीर विषय है।
उन्होंने शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि दूसरी लॉटरी जारी करने में केंद्र अथवा किसी अन्य स्तर पर कोई तकनीकी या प्रशासनिक अड़चन है, तो राज्य सरकार और विभाग को उसके समाधान के लिए प्रभावी पैरवी करनी चाहिए थी। लेकिन इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर अभिभावकों को अब तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला है।
मोर्चा ने सरकार से सवाल किया कि आखिर 2026-27 का शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बाद भी गरीब बच्चों के दाखिले को लेकर स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं की जा रही है? अभिभावक कब तक लॉटरी का इंतजार करते रहेंगे और जिन बच्चों को आरटीई के तहत शिक्षा का अधिकार मिलना चाहिए, वे विद्यालयों में प्रवेश के लिए कब तक भटकते रहेंगे?
रघुनाथ सिंह नेगी ने सरकार से मांग की कि दूसरी लॉटरी की प्रक्रिया तत्काल शुरू कर अभिभावकों को स्पष्ट समयसीमा बताई जाए, ताकि बच्चों का शैक्षणिक वर्ष प्रभावित न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि मोर्चा इस मुद्दे को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाएगा।
पत्रकार वार्ता में दिलबाग सिंह एवं ब्लॉक मीडिया प्रभारी अतुल हांडा मौजूद रहे।