उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग
मोर्चा की मुहिम रंग लाई, पिटकुल के पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का फरमान
जल विद्युत निगम में कार्यरत पूर्व सैनिकों के हक की लड़ाई भी जारी रखेगा मोर्चा : रघुनाथ सिंह नेगी
उत्तराखंड बोल रहा है…
विकासनगर। पूर्व सैनिकों के अधिकारों की लड़ाई में जन संघर्ष मोर्चा को बड़ी सफलता मिली है। मोर्चा के प्रयासों के बाद पिटकुल (पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड) में उपनल के माध्यम से कार्यरत पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिए जाने के आदेश जारी हो गए हैं।

जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने इसे पूर्व सैनिकों के संघर्ष की महत्वपूर्ण जीत बताते हुए प्रमुख सचिव ऊर्जा आर. मीनाक्षी सुंदरम और पिटकुल के एमडी प्रकाश ध्यानी का आभार जताया।
नेगी ने बताया कि मोर्चा ने कुछ समय पूर्व शासन एवं पिटकुल के उच्चाधिकारियों से मुलाकात कर उपनल के माध्यम से पिटकुल में कार्यरत पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई थी। मोर्चा ने इस मामले में उच्च न्यायालय के आदेश तथा शासन द्वारा 3 फरवरी 2026 को जारी निर्देशों का हवाला देते हुए पूर्व सैनिकों को उनका विधिसम्मत अधिकार दिलाने की पैरवी की थी।
उन्होंने कहा कि जनहित याचिका संख्या 116/2018, कुंदन सिंह बनाम उत्तराखंड राज्य व अन्य में उच्च न्यायालय द्वारा उपनल के माध्यम से कार्यरत/प्रायोजित कार्मिकों को समान कार्य-समान वेतन सहित अन्य लाभ दिए जाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद शासन ने भी 3 फरवरी 2026 को सभी संबंधित विभागों को इन निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए थे।
नेगी के मुताबिक अधिकांश विभागों और निगमों में इन आदेशों का अनुपालन हो गया, लेकिन पिटकुल में कार्यरत पूर्व सैनिकों को इसका लाभ मिलने में अड़चन बनी हुई थी। मोर्चा ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए शासन स्तर पर लगातार पैरवी की, जिसका परिणाम अब आदेश के रूप में सामने आया है।
नेगी ने कहा कि यह केवल एक आदेश नहीं, बल्कि पूर्व सैनिकों के अधिकारों की जीत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मोर्चा आगे भी पूर्व सैनिकों के हितों के लिए मजबूती से आवाज उठाता रहेगा।
उन्होंने कहा कि जल विद्युत निगम में उपनल के माध्यम से कार्यरत पूर्व सैनिकों को भी समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिलाने के लिए मोर्चा का संघर्ष जारी है। उन्हें विश्वास है कि जल्द ही इस मामले में भी सकारात्मक निर्णय सामने आएगा।
