एलपीजी सिलिंडर से गैस रिसाव के कारण धमाका, एक ही परिवार के 5 सदस्य झुलसेस्थान – पटेलनगर, देहरादून | दिनांक – 27 जुलाई 2025

उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग

देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक घर में जोरदार धमाका हो गया, जिसमें एक ही परिवार के पाँच सदस्य झुलस गए। यह हादसा एलपीजी गैस सिलिंडर से गैस रिसाव के चलते हुआ। धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और बम डिस्पोजल स्क्वाड मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया।

पुलिस के अनुसार, घायल परिवार महंत इंद्रेश अस्पताल के पीछे टपरी क्षेत्र में एक छोटे से कमरे में निवास करता है। जांच में सामने आया कि रातभर कमरे में गैस सिलिंडर से धीरे-धीरे रिसाव होता रहा। सुबह करीब 6:45 बजे कमरे में मौजूद खुले बिजली के तार में स्पार्किंग हुई, जिससे गैस में आग लग गई और धमाका हो गया। विस्फोट से कमरे की एक दीवार व दरवाजा भी क्षतिग्रस्त हो गया।

धमाके में झुलसे सभी घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से दून अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घायलों की पहचान इस प्रकार है:

विजय साहू (38 वर्ष), पुत्र अशरफी लाल, निवासी ग्राम असहीपुर, थाना बलरामपुर, उत्तर प्रदेश – वर्तमान में टपरी, पटेलनगर, देहरादून

सुनीता देवी (35 वर्ष), पत्नी विजय साहू

अमर (11 वर्ष), पुत्र विजय साहू

सनी (8 वर्ष), पुत्र विजय साहू

अनामिका (8 वर्ष), पुत्री विजय साहू


फॉरेंसिक जांच में पुष्टि हुई है कि घटना का कारण एलपीजी गैस का रिसाव व इलेक्ट्रिक स्पार्किंग था। घायलों को LPG फ्लेम बर्न (जलने की चोट) आई है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लोगों से अपील की है कि गैस सिलिंडर का उपयोग करते समय सावधानी बरतें एवं नियमित जांच करते रहें।