वाहन चोरी का 24 घंटे में खुलासा, चोरी की बाइक समेत शातिर चोर गिरफ्तार

वाहन चोरी का 24 घंटे में खुलासा, चोरी की बाइक समेत शातिर चोर गिरफ्तार

(उत्तराखंड बोल रहा है)
विकासनगर। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, जुडली आदूवाला निवासी सुनील कुमार ने 23 अगस्त को कोतवाली विकासनगर में तहरीर देकर बताया था कि 22 अगस्त की रात अज्ञात चोर उनके घर से स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या यूके-16-ई-8820 चोरी कर ले गया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटना के शीघ्र खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की जानकारी जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस की जांच के दौरान 24 अगस्त की सुबह हरबर्टपुर-विकासनगर स्थित अतिथि फार्म हाउस के सामने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर मौ. मुकीम उर्फ मक्की को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और नशे समेत अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने मोटरसाइकिल चोरी की थी। आरोपी चोरी की बाइक के पार्ट्स निकालकर बेचने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी
मौ. मुकीम उर्फ मक्की, पुत्र अलाउद्दीन, निवासी ग्राम बड़ा रामपुर, शंकरपुर, कोतवाली सहसपुर, देहरादून, उम्र 29 वर्ष।
बरामदगी
चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या यूके-16-ई-8820।
पुलिस टीम
उपनिरीक्षक मयंक त्यागी, चौकी प्रभारी हरबर्टपुर
हेड कांस्टेबल राजेंद्र बर्त्वाल
पीआरडी ऋतिक