उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग
उत्तराखंड राज्य एवं कार्मिकों के लिए बड़ी उपलब्धि — ₹1,834.27 करोड़ का सर्वाधिक राजस्व और ₹704.84 करोड़ का रिकॉर्ड लाभ किया अर्जित।
यूजेवीएन लिमिटेड के निदेशक मंडल की 135वीं बैठक आज सचिवालय में मुख्य सचिव, उत्तराखंड शासन एवं अध्यक्ष, यूजेवीएन लिमिटेड श्री आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में निगम के वित्त एवं लेखा संबंधी विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के वार्षिक लेखों को निदेशक मंडल द्वारा सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। इस अवसर पर यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 निगम के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। इस दौरान निगम ने ₹1,834.27 करोड़ का राजस्व तथा ₹704.84 करोड़ का लाभ अर्जित किया, जो निगम की स्थापना के बाद से अब तक का सर्वाधिक है।
निगम के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर निदेशक मंडल द्वारा प्रसन्नता व्यक्त करते हुए यूजेवीएन लिमिटेड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी गई। यह उपलब्धि उत्तराखंड राज्य के ऊर्जा क्षेत्र के साथ-साथ निगम के कार्मिकों के लिए भी गौरव एवं उत्साह का विषय है।
श्री अजय कुमार सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष के दौरान निगम की स्थापित क्षमता में 11 मेगावाट की वृद्धि हुई है, जिसके साथ यूजेवीएन लिमिटेड की कुल स्थापित विद्युत उत्पादन क्षमता बढ़कर 1,485.46 मेगावाट हो गई है। प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने निगम की इन उपलब्धियों पर हर्ष प्रकट करते हुए कहा कि यूजीवीएन लिमिटेड राज्य की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ साथ राज्य को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण सहयोग दे रहा है।
श्री अजय कुमार सिंह ने विद्युत उत्पादन की जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में निगम की विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं द्वारा कुल 5,238.73 मिलियन यूनिट विद्युत का उत्पादन किया गया। बढ़ी हुई उत्पादन क्षमता, बेहतर विद्युत उत्पादन और मजबूत वित्तीय प्रदर्शन निगम की कार्यकुशलता एवं सुदृढ़ कार्यसंस्कृति को दर्शाता है।
प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री, उत्तराखंड के निर्देशों तथा मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिव, ऊर्जा के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निगम द्वारा निरंतर प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निगम का यह प्रदर्शन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, परिश्रम, टीम भावना और समर्पित कार्यशैली का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि आगे निगम का विशेष फोकस विद्युत उत्पादन में वृद्धि, उपलब्ध क्षमता के बेहतर उपयोग, परिचालन दक्षता में सुधार, लागत नियंत्रण, राजस्व वृद्धि तथा नई एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर रहेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यूजेवीएन लिमिटेड के कार्मिक इसी प्रतिबद्धता और उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति के साथ आगे बढ़ते हुए निगम को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे तथा उत्तराखंड के ऊर्जा क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।
बैठक में मुख्य सचिव, उत्तराखंड शासन एवं अध्यक्ष, यूजेवीएन लिमिटेड श्री आनंद बर्द्धन, सचिव वित्त श्री दिलीप जावलकर, स्वतंत्र निदेशक श्री इंदू कुमार पाण्डे, श्री बी.पी. पांडे एवं श्री पराग गुप्ता, यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह, निदेशक परिचालन श्री जी.एस. बुदियाल, अधिशासी निदेशक श्री सुधाकर बडोनी तथा श्री आशिष कुमार जैन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
