ऑपरेशन प्रहार में STF की बड़ी कार्रवाई, 50 लाख के विद्युत तार बरामद, दो गिरफ्तार
(उत्तराखंड बोल रहा है)
देहरादून/उधमसिंह नगर। उत्तराखण्ड एसटीएफ ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत विद्युत तार चोरी तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये मूल्य के भारी मात्रा में विद्युत तार, दो वाहन और उपकरण बरामद किए हैं। दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर दो राज्यों में फैले गैंग के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया है।
स्व. दीनदयाल योजना की केबल काटकर चोरी
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि जनपद उधमसिंह नगर के काशीपुर और कुण्डा क्षेत्र में स्वर्गीय दीनदयाल योजना के अंतर्गत बिछाई गई एचसी विद्युत केबल को काटकर चोरी किया जा रहा है। चोरी का माल रुद्रपुर के धर्मपुर स्थित “गुरमा ट्रेनिंग कंपनी” के गोदाम में छिपाकर रखा गया है।
सूचना पर एसटीएफ कुमाऊँ टीम ने थाना कुण्डा और काशीपुर पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी की। गोदाम से भारी मात्रा में चोरी की गई विद्युत केबल बरामद हुई और मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
दो राज्यों में सक्रिय था गिरोह
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आफताब अली (43 वर्ष) और जीशान (22 वर्ष), निवासी उधमसिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार यह गैंग पिछले दो माह से रात्रि में स्कॉर्पियो वाहन से रैकी कर विद्युत केबल काटता था और पिकअप वाहन से गोदाम तक पहुंचाता था।
अब तक करीब 10 टन एचसी केबल चोरी कर कॉपर और एल्युमिनियम वायर निकालकर उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बरेली में बेचे जाने की जानकारी सामने आई है। चोरी से मिली रकम आपस में बांट ली जाती थी।
भारी मात्रा में सामान और वाहन बरामद
छापेमारी में 45 कुन्तल विद्युत तार, केबल काटने के उपकरण, बड़ी कैंची, कटर, हेक्सा ब्लेड से बने औजार तथा घटना में प्रयुक्त पिकअप (UP25ET 3005) और स्कॉर्पियो (UK18D 4683) बरामद की गई।
शातिर अपराधी निकला आफताब
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त आफताब पूर्व में चोरी, डकैती और लूट जैसे गंभीर अपराधों में जेल जा चुका है।
मुकदमा दर्ज, जांच जारी
दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना कुण्डा और काशीपुर में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसटीएफ द्वारा गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की विस्तृत जांच की जा रही है।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि संगठित गैंग, पेशेवर अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ऑपरेशन प्रहार के तहत एसटीएफ की इस कार्रवाई से दो राज्यों में सक्रिय विद्युत तार चोरी गिरोह का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त हुआ है।
ऑपरेशन प्रहार में STF की बड़ी कार्रवाई, 50 लाख के विद्युत तार बरामद, दो गिरफ्तार
