प्राइवेट स्कूलों की मनमानी के खिलाफ भाजपा नेता कमलेश भट्ट के नेतृत्व में अभिभावकों का प्रदर्शन
(उत्तराखंड बोल रहा है)
विकासनगर। निजी स्कूलों की कथित मनमानी फीस वसूली और किताब–ड्रेस के नाम पर हो रही लूट के खिलाफ आज विकासनगर में अभिभावकों का गुस्सा सड़कों पर दिखाई दिया। भाजपा नेता कमलेश भट्ट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि क्षेत्र के कई प्राइवेट स्कूल बिना पूर्व सूचना के फीस में बढ़ोतरी कर रहे हैं। इसके साथ ही अभिभावकों को एक तयशुदा बुक सेलर से ही किताबें, कॉपियां और यूनिफॉर्म खरीदने के लिए बाध्य किया जा रहा है। उनका कहना है कि यह एक तरह का ‘सिंडिकेट सिस्टम’ है, जिससे अभिभावकों की जेब पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
भाजपा नेता कमलेश भट्ट ने कहा कि शिक्षा सेवा का माध्यम है, व्यापार का नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्कूल प्रबंधन शिक्षा के नाम पर अभिभावकों का शोषण कर रहे हैं, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही फीस वृद्धि और जबरन खरीदारी की व्यवस्था पर रोक नहीं लगी तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।

अभिभावकों ने शिक्षा विभाग को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि—
मनमानी फीस वृद्धि पर तत्काल रोक लगाई जाए
किताबें और ड्रेस किसी भी अधिकृत दुकान से खरीदने की स्वतंत्रता दी जाए
निजी स्कूलों की वित्तीय और प्रशासनिक व्यवस्था की जांच कराई जाए
दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए
प्रदर्शन के दौरान अभिभावकों ने साफ कहा कि वे अपने बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले में क्या ठोस कदम उठाता है।
