द एनफील्ड स्कूल में बैंगल्स डे पर उमंग और उत्साह की रंगीन छटा

द एनफील्ड स्कूल में बैंगल्स डे पर उमंग और उत्साह की रंगीन छटा
देहरादून, 25 अप्रैल
उत्तराखंड बोल रहा है

शनिवार को विकास नगर स्थित द एनफील्ड स्कूल में सभी विद्यार्थियों के लिए “बैंगल्स डे एवं गतिविधि दिवस” का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के मानसिक तनाव को कम करना तथा उन्हें आनंदपूर्ण वातावरण में सीखने का अवसर प्रदान करना था। पूरे विद्यालय परिसर में उल्लास, ऊर्जा और रचनात्मकता का वातावरण देखने को मिला।


जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने “ग्रीन डे” मनाया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने कविता पाठ और सुंदर-सुंदर राइम्स प्रस्तुत कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए “हाउस वाइज रस्साकशी (टग ऑफ वॉर)” प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ भाग लिया।


कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों के लिए “पारंपरिक बनाम आधुनिक” विषय पर नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए बालिकाओं की रस्साकशी तथा बालकों की वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें टीम भावना और खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला।


सभी विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ गतिविधियों में भाग लिया और दिन का भरपूर आनंद उठाया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री ओ. पी. चुग ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की शारीरिक एवं रचनात्मक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं तथा आपसी एकता और सहयोग की भावना को भी प्रबल बनाती हैं।


विद्यालय की चेयरपर्सन श्रीमती विजया सिंह ने भी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ बैंगल्स डे को सार्थक बनाती हैं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों में सहभागिता से ही विद्यार्थियों का व्यक्तित्व निखरता है और विद्यालय का वातावरण सदैव जीवंत बना रहता है।
कार्यक्रम पूर्णतः सफल रहा और विद्यार्थियों को नई ऊर्जा, उत्साह तथा प्रसन्नता से भर गया।