राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर बादामवाला ग्राम पंचायत की प्रधान दीपिका चौहान को मिला राज्य स्तरीय सम्मान

राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर बादामवाला ग्राम पंचायत की प्रधान दीपिका चौहान को मिला राज्य स्तरीय सम्मान
(उत्तराखंड बोल रहा है)
देहरादून। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में बादामवाला ग्राम पंचायत की प्रधान श्रीमती दीपिका चौहान को उनके सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री माननीय श्री सुबोध उनियाल द्वारा प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड हेरिटेज मीडिया एवं सेनगुइन वी केयर वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले क्षेत्र के चुनिंदा महिला ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान दीपिका चौहान को पंचायत क्षेत्र में विकास, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष रूप से सराहा गया।


कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने अपने संबोधन में कहा कि ग्राम पंचायतें लोकतंत्र की नींव हैं और जमीनी स्तर पर ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने वाले जनप्रतिनिधि ही सशक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने दीपिका चौहान सहित सभी सम्मानित प्रधानों को बधाई देते हुए कहा कि उनके कार्य अन्य पंचायत प्रतिनिधियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।


दीपिका चौहान ने इस सम्मान को ग्रामवासियों को समर्पित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे ग्राम पंचायत परिवार की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आगे भी वे गांव के समग्र विकास, महिलाओं की भागीदारी और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास करती रहेंगी।
कार्यक्रम में समाजसेवी, गणमान्य नागरिक और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्यों को पहचान देने और उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस सम्मान से बादामवाला ग्राम पंचायत क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है और ग्रामीणों ने अपनी प्रधान को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।