द एनफील्ड स्कूल में ‘बैगलेस डे’ पर उमंग और रचनात्मकता की झलक

द एनफील्ड स्कूल में ‘बैगलेस डे’ पर उमंग और रचनात्मकता की झलक
देहरादून, 25 अप्रैल | उत्तराखंड बोल रहा है
विकासनगर स्थित द एनफील्ड स्कूल में शनिवार को “बैगलेस डे एवं गतिविधि दिवस” का आयोजन अत्यंत उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के मानसिक तनाव को कम करते हुए उन्हें आनंदपूर्ण और रचनात्मक वातावरण में सीखने का अवसर प्रदान करना था। पूरे विद्यालय परिसर में ऊर्जा, उल्लास और सृजनात्मकता की रंगीन छटा देखने को मिली।


जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने “ग्रीन डे” मनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने कविता पाठ और मनमोहक राइम्स प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए “हाउस वाइज रस्साकशी (टग ऑफ वॉर)” प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने खेल भावना और जोश के साथ भाग लिया।


कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों के लिए “पारंपरिक बनाम आधुनिक” विषय पर नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए बालिकाओं की रस्साकशी तथा बालकों की वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें टीम भावना और खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला।


विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री ओ. पी. चुग ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की शारीरिक और सह-शैक्षिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इससे उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और सहयोग की भावना विकसित होती है।
विद्यालय की चेयरपर्सन बिजोया सिंह ने भी विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि “बैगलेस डे” जैसी पहल पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देती है, जिससे विद्यार्थियों का व्यक्तित्व निखरता है और विद्यालय का वातावरण सदैव जीवंत बना रहता है।
कार्यक्रम पूर्णतः सफल रहा और विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी, ऊर्जा और उत्साह की चमक स्पष्ट रूप से दिखाई दी।