ईएमएस कंपनी की लापरवाही पर भड़की शहर कांग्रेस, पालिकाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग

ईएमएस कंपनी की लापरवाही पर भड़की शहर कांग्रेस, पालिकाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
(उत्तराखंड बोल रहा है)
विकासनगर। शहर की जनसमस्याओं को लेकर आज शहर कांग्रेस कमेटी विकासनगर के अध्यक्ष विकास शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने नगर पालिका परिषद अध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि ईएमएस कंपनी द्वारा नगर क्षेत्र में कार्यों को लापरवाही और अव्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधूरे कार्य, खुदी हुई सड़कें और समय पर मरम्मत न होने से नागरिकों में रोष व्याप्त है।


नगर पालिका अध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड अर्बन डेवलपमेंट सेंटर एजेंसी के अभियंता पर्व सैनी तथा ईएमएस कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर को सख्त निर्देश दिए कि शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा दिए गए ज्ञापन पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और जनता को राहत दी जाए।
इस अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विकास शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कंपनी अपनी कार्यप्रणाली में शीघ्र सुधार करे, अन्यथा जनता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी।


इस मौके पर पीसीसी मेंबर संजय जैन, ब्लॉक अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, जिला महासचिव राजीव शर्मा, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सुभाष चंदेल, एडवोकेट क्षितिज वर्मा, सरस्वती कला मंच के अध्यक्ष नवनीत वर्मा, पूर्व सभासद बलजीत सिंह, सेवादल अध्यक्ष भुवन पंत, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष नईम अहमद सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शहर कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक जनआंदोलन छेड़ा जाएगा।