प्रतियोगिताएं निखारती हैं विद्यार्थियों का भविष्य : नेगी
(उत्तराखंड बोल रहा है)
विकासनगर। ग्राम कुंजा स्थित एएआर रिवर डेल्स एकेडमी में मातृ दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा देखने को मिली। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गढ़वाल मंडल विकास निगम के पूर्व उपाध्यक्ष एवं जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर नेगी ने कहा कि प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के भविष्य को निखारने का सशक्त माध्यम होती हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में मां का स्थान सर्वोपरि है। मां ही बच्चे की पहली गुरु और पहला विद्यालय होती है, जहां से वह जीवन और समाज के मूल संस्कार सीखता है। माता का अपने बच्चों की उन्नति में योगदान सदैव अविस्मरणीय रहता है।

कला प्रतियोगिता में कक्षा एक से आठ तक के छात्र-छात्राओं ने मां और बच्चे के पवित्र संबंध को अपनी कल्पनाओं के रंगों से कागज पर उकेरा। कार्यक्रम के दौरान नेगी ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए आगे भी ऐसे प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता में जकिया, सरिता और अलीशा मलिक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्राची, मारिया और शीराज द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि मनतशा, अलीम और आतिफा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में हाजी असद, प्रवीण शर्मा पिन्नी, आकाश, मोहसिन, विद्यालय के प्रबंधक मोहित कुमार, उप प्रधानाचार्य ममता खत्री, समन्वयक निकिता राठौर, नाजिया, रहीमा, अन्नु, प्रिया, सोनाक्षी, रिया, रेखा, कशिश, आनंद, धीरज सहित अनेक अभिभावक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन उत्साह और सम्मान के वातावरण में हुआ, जहां बच्चों की कला के माध्यम से मातृ प्रेम को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया।
