पुलिस महानिरीक्षक ने किया खाकी को तार- तार मोर्चा
(उत्तराखंड बोल रहा है)
विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने लैंड फ्रॉड समन्वय समिति की बैठक के दौरान हुए एक घटनाक्रम को लेकर सवाल खड़े किए हैं। पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि बैठक में गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप द्वारा कमिश्नर गढ़वाल के प्रति सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित सम्मान का तरीका पुलिस आचरण नियमावली की दृष्टि से विचारणीय है।
नेगी ने कहा कि वर्दी में किसी भी अधिकारी को निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए और सम्मान व्यक्त करने के लिए तय प्रक्रियाएं मौजूद हैं। उनके अनुसार, इस प्रकार की सार्वजनिक अभिव्यक्ति से अनावश्यक संदेश जा सकता है,

जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि यदि व्यक्तिगत स्तर पर सम्मान प्रकट करना था तो वह औपचारिक दायरे से बाहर भी किया जा सकता था, किंतु वर्दी में सार्वजनिक रूप से ऐसा करना उचित नहीं माना जा सकता।
मोर्चा अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर पूर्व में भी सवाल उठते रहे हैं और भू-माफियाओं पर प्रभावी कार्रवाई न होने से संदेह की स्थिति बनती है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
नेगी ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक एवं गृह विभाग से मांग की कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर आचरण नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पुलिस विभाग की गरिमा और निष्पक्षता बनी रहे।
पत्रकार वार्ता में जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा ‘पिन्नी’ एवं ब्लॉक मीडिया प्रभारी अतुल हांडा भी उपस्थित रहे।
